राष्ट्र
गौरव और आत्मनिर्भरता के संकल्प के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
लखनऊ। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम में 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति, उल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. शिवानी श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम में प्रो. डॉ. रीता अग्निहोत्री ने निदेशक, उच्च शिक्षा द्वारा प्रेषित स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया। वहीं प्रो. डॉ. अखिलेश कुमार, प्रो. डॉ. संजीव कुमार अग्रवाल, डॉ. अमितेन्द्र सिंह, डॉ. स्मिता पाण्डेय और डॉ. विशाखा कमल ने स्वतंत्रता संग्राम, नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्रनिर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार रखे। छात्राओं ने भाषण और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। छात्रा वैभवी की ‘वन्दे मातरम्’ प्रस्तुति ने सभी में देशभक्ति का जोश भर दिया।
समारोह में रंगोली, वॉल पेंटिंग और म्यूजिकल कॉन्सर्ट सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाली एनएसएस, एनसीसी और रेंजर्स की छात्राओं को सम्मानित किया गया।
स्वदेशी रक्षा शक्ति का दिखा प्रदर्शन
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एनसीसी कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत स्वदेशी रक्षा उपकरणों के मॉडल रहे। एनसीसी प्रभारी डॉ. नेहा जैन के मार्गदर्शन में 19 यूपी गर्ल्स बटालियन से संबद्ध कैडेट्स ने अर्जुन मेन बैटल टैंक, तेजस लड़ाकू विमान, ब्रह्मोस के वर्किंग मॉडल और विक्रम सहित विभिन्न रक्षा उपकरणों के प्रतिरूप प्रदर्शित किए। इन मॉडलों के जरिए छात्राओं ने भारत की बढ़ती रक्षा क्षमता और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।
नशामुक्त भारत की ली शपथ
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत महाविद्यालय परिवार, अतिथियों और छात्राओं ने सामूहिक रूप से नशामुक्त भारत की शपथ ली। सभी ने स्वयं, परिवार और समाज को नशे से दूर रखने तथा जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की व्यवस्था और संचालन में एनसीसी, एनएसएस एवं रेंजर्स की छात्राओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एनसीसी प्रभारी डॉ. नेहा जैन, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निशि मिश्रा एवं डॉ. विशाल वर्मा तथा रेंजर्स प्रभारी डॉ. स्मिता पाण्डेय और मोनिका द्विवेदी के मार्गदर्शन में आयोजन संपन्न हुआ।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. डॉ. शिवानी श्रीवास्तव ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए छात्राओं से अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित, आत्मनिर्भर, अनुशासित और संवेदनशील युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रो. डॉ. सुरंगमा यादव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में राष्ट्रभक्ति, स्वदेशी सामर्थ्य, सामाजिक चेतना और कर्तव्यबोध का संदेश देते हुए विकसित, सशक्त, स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया।