सुबे की आवाज
संवाददाता दीपिका
के .जी .एम. यू.में कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, कुलसचिव के खिलाफ नारेबाजी ; 3 दिन में कार्रवाई का आश्वासन
उत्तर प्रदेश राजधानी, लखनऊ, किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में मंगलवार को कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारी परिषद के बैनर तले कर्मचारियों ने छात्रावास से प्रशासनिक भवन और कुलपति कार्यालय तक मार्च निकाला। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी तैनात रहे।
वेतन से लेकर पदोन्नति तक 8 मांगें, क्यों भड़का कर्मचारियों का गुस्सा ?
कर्मचारियों का कहना है कि करीब तीन महीने से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। इसके अलावा पदोन्नति, संवर्ग निर्धारण और खाली पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने समेत कई मामले लंबे समय से लंबित हैं।
कर्मचारियों ने वर्तमान कुलसचिव को हटाकर संवेदनशील अधिकारी की तैनाती, लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने और कार्यकारिणी परिषद के पूर्व निर्णयों को लागू करने की मांग रखी। साथ ही आवाज उठाने पर तबादले और फाइलें रोकने जैसी कार्रवाई पर रोक लगाने की भी मांग की गई।
प्रदर्शन के बाद कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद समेत अधिकारियों के साथ बैठक हुई। कर्मचारियों के अनुसार, कुलपति ने उनकी मांगों पर तीन दिन के भीतर ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया गया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि तय समय में मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा।