‘हर घर तिरंगा’ से गूंजा राजाजीपुरम, छात्राओं ने दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश

संवाददाता : दीपिका

लखनऊ पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत शुक्रवार को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती गौरी सांवरिया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. शिवानी श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत तिरंगा रैली एवं एनसीसी बटालियन-19 के कैडेटों की साइकिल रैली से हुई। महाविद्यालय परिसर से निकली रैली कुंवर ज्योति प्रसाद वार्ड तक पहुंची। छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।

रैली के दौरान पिंक बूथ से जुड़े कर्मियों, तालकटोरा थाना अध्यक्ष तथा सफाई कर्मियों को राष्ट्र और समाज के प्रति उनकी सेवाओं के लिए महाविद्यालय की ओर से आभार-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसके बाद बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्राध्यापकों ने देशभक्ति गीत एवं प्रेरक संबोधन प्रस्तुत किए। डॉ. प्रियंका शर्मा ने ‘भारत विभाजन की विभीषिका’ विषय पर छात्राओं को संबोधित करते हुए विभाजन के ऐतिहासिक, सामाजिक एवं मानवीय प्रभावों पर प्रकाश डाला। इस दौरान विभाजन विभीषिका पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत वॉल पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं ने राष्ट्रप्रेम एवं स्वतंत्रता की भावना को अपनी कला के माध्यम से प्रदर्शित किया। रेंजर्स इकाई की ओर से सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जहां छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वहीं एनसीसी छात्राओं ने म्यूजिकल कॉन्सर्ट में देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। छात्राओं द्वारा स्वयं तैयार की गई राखियों का स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहा।

समापन अवसर पर प्राचार्य प्रो. शिवानी श्रीवास्तव ने प्रेरक संबोधन दिया और ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’ प्रार्थना के माध्यम से छात्राओं को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा राष्ट्रध्वज के सम्मान को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की रेंजर्स इकाई, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC), पंडित दीनदयाल उपाध्याय अवध सांस्कृतिक क्लब एवं ललित कला क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विशाल वर्मा ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का संपूर्ण परिवार एवं छात्राएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *