संवाददाता: दीपिका
मोहान रोड पर जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के बच्चों का प्रदर्शन, करीब दो घंटे चला संवाद
लखनऊ,मे Gen-Z के बाद अब Gen-Alpha ने भी अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर दी। शुक्रवार को मोहन रोड स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के बच्चों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं और शिक्षकों की कमी को लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के चलते मोहन रोड पर जाम की स्थिति बन गई।
प्रदर्शन कर रहे बच्चों का आरोप था कि विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी है, जिसके कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बच्चों ने विद्यालय में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कई बार खाने में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई है। इसके अलावा लंबे समय तक बिजली गुल रहने से भी विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जाम में फंसे मंत्री, बच्चों से की बातचीत
प्रदर्शन के दौरान जाम में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण भी फंस गए। जानकारी मिलने पर वह बच्चों के बीच पहुंचे और करीब दो घंटे तक विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। बच्चों ने मंत्री के सामने विद्यालय में शिक्षकों की कमी, भोजन और बिजली समेत विभिन्न समस्याएं रखीं।
मंत्री ने बच्चों को आश्वासन दिया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी को जल्द दूर करने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं में सुधार का भी भरोसा दिलाया गया।
मंत्री के आश्वासन और बातचीत के बाद बच्चों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया, जिसके बाद मोहन रोड पर यातायात सामान्य हो सका।
बच्चों की मांगों ने विद्यालयों में शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।