चलता-फिरता ‘यमराज’, खुले में डस्ट लेकर दौड़ रहा डंपर

बिना ढके डस्ट से सड़क पर उड़ रहा धूल का गुबार, राहगीरों की जान पर मंडरा रहा खतरा
संवाददाता : दीपका
लखनऊ। मोहन रोड पर खुले में डस्ट लेकर दौड़ रहे डंपर राहगीरों के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। तस्वीर में साफ दिखाई दे रहा है कि एक डंपर में डस्ट/निर्माण सामग्री को बिना किसी तिरपाल के ढके खुले में ले जाया जा रहा है। तेज रफ्तार में चलते वाहन से सामग्री सड़क पर गिरने के साथ ही धूल उड़ने का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना ढके डस्ट लेकर चलने वाले ऐसे वाहन किसी भी समय हादसे का कारण बन सकते हैं। सड़क पर पीछे चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों की आंखों में धूल जाने से संतुलन बिगड़ सकता है, वहीं सड़क पर सामग्री गिरने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
तस्वीर में डंपर के पीछे चल रहे दोपहिया वाहन भी दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर खुले में डस्ट ढोने वाले वाहनों पर जिम्मेदार विभाग कब कार्रवाई करेगा?
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मोहन रोड पर ऐसे वाहनों की जांच कर बिना तिरपाल खुले में निर्माण सामग्री ले जाने वालों पर कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
फोटो में कैद तस्वीर जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रही है।