रक्तदान के साथ स्वास्थ्य जांच, छात्राओं ने लिया सेवा संकल्प

सूबे की आवाज़ 🎙️

संवाददाता दीपिका

पं. दीन दयाल उपाध्याय जयंती पर राजाजीपुरम महिला महाविद्यालय में हुआ आयोजन

लखनऊ, पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजाजीपुरम में पं. दीन दयाल उपाध्याय जयंती एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वैच्छिक रक्तदान और निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शिवानी श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में लोकबन्धु श्री राज नारायण संयुक्त चिकित्सालय, आलमबाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने पं. दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पार्पण कर किया। इसके बाद रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया गया। लोकबन्धु चिकित्सालय की चिकित्सकीय टीम ने छात्राओं, शिक्षकों और उपस्थित लोगों का रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया।

कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा प्रो. (डॉ.) बृन्दालाल शर्मा, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी प्रो. (डॉ.) अश्वनी कुमार मिश्र और राजाजीपुरम के पूर्व पार्षद शिवपाल सावरिया मौजूद रहे। अतिथियों ने रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए युवाओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया।

मुख्य समारोह की शुरुआत छात्राओं की सरस्वती वंदना और महाविद्यालय के कुलगीत से हुई। इसके बाद सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ का गायन किया। वक्ताओं ने पं. दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के विचारों को रेखांकित करते हुए शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया।

 

‘Women in Modern India’ पुस्तक का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की प्राध्यापिका प्रो. (डॉ.) प्रीति वाजप्ये द्वारा लिखित पुस्तक ‘Women in Modern India’ का अतिथियों ने विमोचन किया। वहीं राष्ट्रीय पोषण माह के तहत छात्राओं को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

लोकबन्धु चिकित्सालय के पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. पी.सी. तिवारी ने रक्तदान एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी। डॉ. शालिनी तिवारी ने छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती लक्षण, समय पर जांच और बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया।

नुक्कड़ नाटक से दिया सामाजिक संदेश

रेंजर्स की छात्राओं ने ‘विकसित भारत और उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा’ विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के संचालन की जिम्मेदारी प्रो. (डॉ.) रीता अग्निहोत्री ने संभाली, जबकि डॉ. विशाल वर्मा ने सहयोग किया।

प्राचार्य प्रो. (डॉ.) शिवानी श्रीवास्तव ने कहा कि अंत्योदय और मानव सेवा के आदर्शों को तभी सार्थक बनाया जा सकता है, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक कल्याणकारी सेवाएं पहुंचें। उन्होंने कहा कि रक्तदान और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे आयोजन शिक्षण संस्थानों की सामाजिक प्रतिबद्धता को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के आयोजन में एनसीसी प्रभारी डॉ. नेहा जैन, एनएसएस प्रभारी डॉ. निशी मिश्रा, डॉ. विशाल वर्मा, ललित कला क्लब प्रभारी प्रो. (डॉ.) किरण सिंह सहित महाविद्यालय की विभिन्न टीमों का योगदान रहा। अंत में प्रो. (डॉ.) सुरंगमा यादव ने अतिथियों, चिकित्सकों, प्राध्यापकों, छात्राओं और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन में महाविद्यालय की छात्राओं, उनके परिजनों तथा राजाजीपुरम क्षेत्र के स्थानीय निवासियों ने भी सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *